
फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल की जिला इकाई की बैठक बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग, जर्जर सड़कों, नाली निर्माण, विद्युत केबल और जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर उनके शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई गई।
बैठक में जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने पांचाल घाट पर डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन स्कूल जाने वाले मार्ग पर सड़क एवं नाली निर्माण कराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इससे स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा ने लाल सराय स्थित मछली बाजार को शीघ्र हटाने की मांग की। वहीं, ग्राम नेकपुर खुर्द से गुरुगांव देवी मंदिर तक सड़क के दोनों ओर विद्युत केबल डालने और कालीबाड़ी मंदिर तक नाली निर्माण कराने की मांग भी उठाई गई। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि ये समस्याएं पिछले चार वर्षों से लंबित हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नेकपुर खुर्द में अमर रेस्टोरेंट के पश्चिम की ओर मुख्य मार्ग से रेस्टोरेंट के पीछे स्थित द्वार तक सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त फर्रुखाबाद में गुरुगांव देवी मंदिर के निकट सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ों को शीघ्र कटवाने का मुद्दा उठाया गया। पदाधिकारियों ने आशंका जताई कि इन पेड़ों के गिरने से जनहानि हो सकती है।
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने नगर पालिका परिषद द्वारा निर्धारित ई-रिक्शा संचालन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा संचालन व्यवस्थित होने से यातायात सुचारु करने में मदद मिलेगी।
बैठक में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा, जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा, जिला प्रवक्ता लखन सिंह, सहित अन्य पदाधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। इस दौरान जिला मंत्री अनुपम पांडेय, मनोज दीक्षित, सुनील मिश्रा, प्रशांत कुमार शाक्य, विश्वनाथ गुप्ता, अशोक यादव और संजय गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



