भईयन मिश्रा की पहल से बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत, कई वर्षों से जारी है निःशुल्क जनसेवा अभियान
फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – जनपद में 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित होने वाली पीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए फर्रुखाबाद विकास मंच ने निःशुल्क रहने, खाने, चाय और नाश्ते की व्यवस्था की है। मंच के जिलाध्यक्ष एवं समाजसेवी भईयन मिश्रा एडवोकेट के नेतृत्व में यह पहल कई वर्षों से निरंतर चलाई जा रही है।
भईयन मिश्रा ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के केंद्र फर्रुखाबाद में बनाए जाने के कारण बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं दूसरे जनपदों से यहां आते हैं। ठहरने के लिए पर्याप्त होटल उपलब्ध न होने के कारण पहले कई परीक्षार्थियों को रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और सड़कों पर रात बितानी पड़ती थी। उनकी परेशानी को देखते हुए मंच की टीम ने बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क ठहरने और भोजन की व्यवस्था शुरू की।
उन्होंने बताया कि इस बार परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए विशंभर दयाल धर्मशाला, हिंदी भवन, सिंधी धर्मशाला और संस्कृत पाठशाला सहित विभिन्न स्थानों पर व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और अन्य प्रमुख स्थानों पर बैनर लगाए जाएंगे। साथ ही स्थानीय दुकानदारों को भी जानकारी दी जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को निर्धारित स्थलों तक पहुंचने में परेशानी न हो।

भईयन मिश्रा ने बताया कि पूर्व में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान मंच की व्यवस्था का लाभ लेने वाले 27 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की थी। इससे पूरी टीम को प्रसन्नता मिली। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को घर जैसा माहौल मिले और ठहरने तथा भोजन की चिंता से मुक्त होकर वे परीक्षा दे सकें।
उन्होंने कहा कि यह सेवा पूरी तरह निःस्वार्थ भाव से की जाती है। अब तक हजारों परीक्षार्थी इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं और उन्होंने व्यवस्था की सराहना की है। इससे फर्रुखाबाद की पहचान एक ऐसे जनपद के रूप में बनी है, जहां लोग जरूरतमंद परीक्षार्थियों की सहायता के लिए आगे आते हैं।
इस जनसेवा अभियान में अंगद पांडेय उर्फ कोमल, प्रिंस शुक्ला, निशित दुबे उर्फ निशु, ओमनिवास पाठक, आशुतोष मिश्रा उर्फ रामजी, शिवांक वाजपेयी, दिलीप टेंट, राजीव वर्मा, योगेश वर्मा, राम सक्सेना, शाहिद सहित अनेक सहयोगी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।




