
शमसाबाद, फर्रूखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – शरद पूर्णिमा के पर्व का एक विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इस पावन और शुभ अवसर पर शमसाबाद ब्लाक के ग्राम मंझना स्थित मठिया देवी मंदिर परिसर में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारों और भक्तिमय भजनों से गुंजायमान रहा, जिससे आसपास का वातावरण पूरी तरह भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। सबसे पहले कन्या पूजन किया गया।

पूजन संपन्न होने के बाद सभी कन्याओं को पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण कराया गया। भंडारे की शुरुआत होते ही आस-पास के ग्रामीणों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। देर शाम तक चले इस भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद पाकर पुण्य लाभ कमाया। शरद पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, सभी सेवा भाव से भंडारे की व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से बंटी चतुर्वेदी, सुनील चतुर्वेदी,प्रिंस त्रिपाठी, विशाल गंगवार, बाबू गंगवार, अनुज अग्निहोत्री सहित भारी संख्या में अन्य स्थानीय ग्रामीण, युवा और उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर माता के दरबार में माथा टेका और क्षेत्र की सुख, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।



