
फर्रुखाबाद, आरोही टुडे न्यूज,आलोक शुक्ला की रिपोर्ट — फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर अकेले और रोते हुए मिले चार वर्षीय बालक को जीआरपी पुलिस ने अथक प्रयास के बाद उसके परिजनों से मिलाकर मानवता की मिसाल पेश की। ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई इस कार्रवाई से बालक अपनी मां के पास सकुशल पहुंच गया। बेटे को सामने देखकर मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम तथा गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान जीआरपी फर्रुखाबाद की पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को एक छोटा बालक अकेले और रोते हुए मिला। बालक केवल बनियान और कच्छा पहने हुए था तथा भूख के कारण परेशान दिखाई दे रहा था।
प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल अभिषेक कुमार और कांस्टेबल ओमप्रकाश ने तत्काल बालक को अपनी निगरानी में लिया। पुलिसकर्मियों ने उसे भोजन और बिस्कुट आदि खिलाकर शांत कराया तथा विश्वास में लेकर उसके बारे में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। बालक ने अपना नाम ललित, पिता का नाम गयाप्रसाद और गांव का नाम गढ़िया बताया, लेकिन वह किसी परिजन का संपर्क नंबर नहीं बता सका।
इसके बाद पुलिस टीम ने बालक की तस्वीर और जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कराई। साथ ही शहर के चौकी प्रभारियों और थाना प्रभारियों से संपर्क कर बालक के परिजनों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद सी-प्लान एप की सहायता से ग्राम प्रधान से संपर्क किया गया, जिसके माध्यम से बालक की मां का पता लगाया जा सका।
पुलिस द्वारा परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि बालक के पिता का निधन हो चुका है। उसकी मां और बड़ा भाई काम के सिलसिले में बाहर चले जाते हैं। परिजनों के अनुसार, सुबह किसी बात पर बालक को डांट दिया गया था, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गया था। परिजन काफी समय से उसकी तलाश कर रहे थे।
सूचना मिलने के बाद बालक के परिजन थाना जीआरपी फर्रुखाबाद पहुंचे। मां ने बालक को पहचान लिया और उसे देखते ही भावुक हो गईं। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने थाना जीआरपी फर्रुखाबाद पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस के इस प्रयास से एक मां को उसका बिछड़ा बेटा वापस मिल गया और परिवार के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।
पुलिस टीम – दिनेश प्रकाश शर्मा, प्रभारी निरीक्षक, थाना जीआरपी फर्रुखाबाद, हेड कांस्टेबल अभिषेक कुमार, कांस्टेबल ओमप्रकाश मौजूद रहे।



