best news portal development company in india

रोड की बदहाली पर भड़के सपा नेता रामज्ञान गुप्ता, कहा- ‘नहीं सुधरे हालात तो कीचड़ में बैठेंगे धरने पर’

SHARE:

आरोही टुडे न्यूज, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – हरदोई से पिहानी जाने वाला मुख्य मार्ग इस समय पूरी तरह से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं और हालिया बारिश व जलभराव के कारण इन गड्ढों में पानी भरा हुआ है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं। इस गंभीर मुद्दे को लेकर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने प्रशासन को घेरा है और सड़क की जल्द मरम्मत न होने पर धरने की चेतावनी दी है।

सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने बताया कि हरदोई-पिहानी रोड की तस्वीरें खुद इसकी बदहाली बयां कर रही हैं। सड़क पर पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे हर समय बड़े हादसों का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों और ई-रिक्शा के लिए यह सफर सबसे अधिक जोखिम भरा साबित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों के हवाले से उन्होंने एक दर्दनाक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले इसी जर्जर सड़क के गड्ढे के कारण मोटरसाइकिल से गिरकर एक महिला की मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन की नींद नहीं टूट रही है। आए दिन यहाँ ई-रिक्शा और मोटरसाइकिलें पलटने से लोग चोटिल हो रहे हैं।

रामज्ञान गुप्ता ने मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। जिन सड़कों को वास्तव में मरम्मत और विकास कार्य की जरूरत है, उन्हें छोड़ दिया गया है। अधिकारी केवल उन्हीं सड़कों पर दोबारा डामर डालने का काम कर रहे हैं जो पहले से सही हैं, ताकि भ्रष्टाचार किया जा सके। जर्जर हो चुकी सड़कों की सुध लेने वाला कोई नहीं है।”

मामले की गंभीरता को देखते हुए सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने हरदोई जिला अधिकारी से फोन पर बात कर उन्हें पिहानी रोड की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। जिला अधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
हालांकि, रामज्ञान गुप्ता ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि पिहानी रोड की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता स्थानीय जनता के साथ मिलकर उसी रोड पर गड्ढों, जलभराव और कीचड़ के बीच धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर मुख्य रूप से धर्मेंद्र यादव दीपू, शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, सच्चिदानंद त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी, राहुल सिंह, विपिन गुप्ता, पुनीत अजय सिंह, रामसेवक सहित तमाम मोहल्ला वासी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और पढ़ें