
फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट। रेलवे में अपराधों की रोकथाम और चोरी के मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) फर्रुखाबाद ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के एक मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जीआरपी थाना फर्रुखाबाद के प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने 21 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 04/05 पर फतेहगढ़ की ओर पार्सल शेड के पास स्थित बेंच पर मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद आरिफ पुत्र जमील खां, निवासी भारतपुर, पोस्ट मझना, थाना नवाबगंज, जनपद फर्रुखाबाद तथा सागर पुत्र मोहम्मद, निवासी खड़ियाई, थाना मऊदरवाजा, जनपद फर्रुखाबाद, उम्र करीब 26 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद आरिफ के विरुद्ध चोरी, नकबजनी, आयुध अधिनियम और आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में जीआरपी फर्रुखाबाद के अलावा कन्नौज, कानपुर नगर, पीलीभीत और बदायूं से संबंधित मामले भी दर्ज होने का उल्लेख है।
वहीं, सागर के आपराधिक इतिहास में जीआरपी फर्रुखाबाद में दर्ज मुकदमे का उल्लेख किया गया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा, उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, कांस्टेबल अनुराग यादव और कांस्टेबल प्रिंस युवराज सिंह शामिल रहे।
जीआरपी ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित मामले में विधिक कार्रवाई की है।



