best news portal development company in india

ओम प्रकाश सिंह भदौरिया की स्मृति में सजा काव्य मंच, कवियों ने बांधा समां, आठ विभूतियों को मिला स्मृति सम्मान

SHARE:

फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – आरोग्य चेतना समिति एवं टीम ऑलवेज पॉजिटिव के संयुक्त तत्वावधान में ओम प्रकाश सिंह भदौरिया की छठवीं पुण्यतिथि पर उत्सव गेस्ट हाउस में विराट कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को समर्पित समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में हास्य, ओज, भक्ति और संवेदना का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अरुण प्रताप सिंह भदौरिया एवं आनंद भदौरिया रहे। अध्यक्षता क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ रचनाकार महेश पाल सिंह उपकारी ने की, जबकि युवा कवि वैभव सोमवंशी ‘सुभग’ ने मंच का संचालन किया। शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। अनिल भदौरिया ने ओम प्रकाश सिंह भदौरिया के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें आदर्श अध्यापक, लेखक, कवि, वक्ता, योगगुरु, प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ, समाजसेवी और लोकतंत्र सेनानी बताया। उन्होंने कहा कि उनके विचार और सामाजिक योगदान सदैव नई पीढ़ी को प्रेरणा देते रहेंगे। कवयित्री स्मृति अग्निहोत्री ने मां बागीश्वरी की वंदना से काव्य पाठ का शुभारंभ किया। वरिष्ठ कवि महेश पाल सिंह उपकारी ने भगवान श्रीराम की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। अंतरराष्ट्रीय कवि विवेक बादल बाजपुरी ने ओजपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं में जोश भरा। डॉ. प्रीति पवन तिवारी ने प्रेम और प्रतीक्षा से सराबोर गीत सुनाकर वाहवाही लूटी। कार्यक्रम संचालक वैभव सोमवंशी ‘सुभग’ ने हास्य-व्यंग्य और चुटीली टिप्पणियों से सभागार को ठहाकों से गुंजायमान कर दिया। रुद्रपुर के कवि अशोक अंजाना ने भक्ति एवं ज्ञान का संदेश दिया। आगरा से आए नवीन ‘नवी’ ने मानवीय संवेदनाओं को अपनी रचना में स्वर दिया। युवा कवि उत्कर्ष अग्निहोत्री ने रिश्तों में आपसी समझ और जिम्मेदारी का संदेश दिया। स्मृति अग्निहोत्री ने भी अपनी विशिष्ट शैली में काव्य पाठ किया। संयोजक डॉ. अरुण प्रताप सिंह भदौरिया ने स्वाभिमान, सादगी और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी रचना प्रस्तुत की, जबकि आनंद भदौरिया ने पिता के त्याग और वात्सल्य को शब्दों में पिरोया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावुक कर दिया।

 विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आठ विभूतियों को स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। अनिल भदौरिया को शिवराम सिंह स्मृति समाज भूषण सम्मान-2026, डॉ. अरशद मंसूरी को जयराम सिंह स्मृति सम्मान-2026, कृपाल सिंह राजावत को सुशीला देवी स्मृति सम्मान-2026, सुमन राठौर को बिट्टन भदौरिया स्मृति सम्मान-2026, डॉ. आर.वी. सिंह को तेज प्रताप सिंह स्मृति सम्मान-2026, डॉ. यशपाल चौहान को उदयवीर सिंह स्मृति सम्मान-2026, नरदेव सिंह को बिट्टन देवी स्मृति सम्मान-2026 तथा अरविंद चौहान को विद्यावती स्मृति सम्मान-2026 प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष महेश पाल सिंह उपकारी ने भदौरिया बंधुओं की सराहना करते हुए कहा कि अपने पूज्य पिता की स्मृति में लगातार छह वर्षों से कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन साहित्यिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ समाज में संस्कार, संवेदना और सकारात्मक विचारों को मजबूत करते हैं। समारोह में शशि सिंह, संध्या सिंह, गौरव सिंह, रवि प्रताप सिंह, लक्ष्मी, संतोषी, रचना, पुष्पराज सिंह राठौर, शैल मिश्रा, शालू, सारिका चौधरी, संगीता कटियार, डॉ. बृजेंद्र चौधरी, संजय कटियार, अनुजा सोमवंशी, ऋषभ कटियार, वीरेन्द्र कुमार, पंकज कुमार, जनार्दन द्विवेदी, अनुराग श्रीवास्तव, डॉ. राघवेन्द्र, दलवीर सिंह यदुवंशी सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।

 

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और पढ़ें