
हरदोई , आरोही टुडे न्यूज, ज्ञानेश मिश्रा की रिपोर्ट – पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास पर हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। यह चोरी सवायजपुर थाने के थाना प्रभारी प्रिंस कुमार के आवास में हुई थी, जहाँ से करीब 35 लाख रुपये के कीमती सोने के आभूषण गायब हो गए थे। घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमों को जांच में लगाया गया था।
*घटना – 9 नवंबर को सामने आई थी चोरी*
9 नवंबर को चोरी की वारदात का पता चला, जिसके बाद 12 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया गया। चोरी में थानेदार के विवाह के कीमती जेवर, उनकी पत्नी को मिले गहने, और अन्य सोने के आभूषण शामिल थे।
*जांच में जुटीं टीमें – सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्य बने सुराग*
एसपी हरदोई के निर्देश पर स्वाट/सर्विलांस टीम और कोतवाली नगर पुलिस को जांच सौंपी गई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और मूवमेंट के आधार पर पुलिस ने कई लोगों को चिन्हित किया।
तीन दिन चली लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने चार आरोपियों—ज्योति, कल्पना, लक्ष्मी और धीरेंद्र उर्फ धीरु—को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पाँच बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लेकर बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।
*सोने के बड़े ज्वेलरी सेट सहित भारी माल बरामद*
गिरफ्तारी के बाद छापेमारी में पुलिस ने चोरी गया भारी माल बरामद किया, जिसमें शामिल हैं—
1 सोने के हार, 1 मंगलसूत्र, 8 अंगूठियां, 2 चेन, 1 मांग टीका, 4 जोड़ी पायल, 1 जोड़ी झुमके, 1 जोड़ी कान का टाप्स
*बरामद आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।*
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस लाइन क्षेत्र की पूरी रेकी की थी। सही अवसर देख कर उन्होंने चोरी को अंजाम दिया और गहनों को अलग-अलग जगह छिपा दिया था।
तेजी से कार्रवाई पर एसपी ने टीम की सराहना की पुलिस अधीक्षक ने टीम द्वारा कुछ ही दिनों में मामले का सफल खुलासा करने पर संतोष जताया है। अभी और बरामदगी संभव, जांच जारी पुलिस टीम ने बताया कि चोरी में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और बाकी चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। साथ ही, सभी गिरफ्तार आरोपियों पर संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


