

हरदोई, आरोही टुडे न्यूज, ज्ञानेश मिश्रा सवायजपुर, हरपालपुर के जीनियस पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक संध्या इस बार जिले की चर्चा का केंद्र बनी रही। मंच पर बच्चों की ऐसी अद्भुत और विविध प्रस्तुतियां देखने को मिलीं कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। सबसे खास बात—नन्हे-मुन्नों की मासूम परफॉर्मेंस ने कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया। बढ़ते उत्साह के बीच अब देखते हैं रिपोर्ट—
हरपालपुर के जीनियस पब्लिक स्कूल में रंग—संस्कृति—और उत्साह से भरी भव्य वार्षिक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित और आज़ाद भदौरिया ने सरस्वती मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।मंच पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं— मोबाइल की लत और उसके दुरुपयोग पर आधारित प्रस्तुति “हम तेरे बिन नहीं रह पाते” ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया। किसान और जवान के संघर्ष, त्याग और योगदान पर आधारित नाटिका ने वातावरण को भावुक कर दिया। वहीं “ऑपरेशन सिंदूर” में सैनिकों के साहस की गाथा दिखाई गई। द्रौपदी चीर हरण प्रसंग के साथ आधुनिक नारी की स्वाभिमान रक्षा और नवदुर्गा के सभी रूपों की अद्भुत प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। सावन की कजरी और फेस्टिवल ऑफ इंडिया में भारतीय त्योहारों का रंगारंग प्रदर्शन— बच्चों की कला, अभिनय और सांस्कृतिक समझ का शानदार उदाहरण नजर आया। नन्हे-मुन्नों ने लूट ली महफ़िल कार्यक्रम का सबसे प्यारा और सबसे वाहवाही पाने वाला हिस्सा रहा छोटे बच्चों का प्रदर्शन। नन्हे-मुन्नों ने “जंगल जंगल पता चला…” और “चड्डी पहन के फूल खिला है…” जैसे मशहूर गीतों पर जबरदस्त डांस किया। उनकी मासूम मुस्कानें, ऊर्जा और मनमोहक अदाओं ने हॉल में बैठे हर दर्शक के चेहरे पर खुशी ला दी। तालियों की गड़गड़ाहट मिनटों तक थमती ही नहीं थी।

गणमान्यों की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम में विधायक सवायजपुर मानवेंद्र प्रताप रानू के प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी, राजन सिंह , अभिराम सिंह, मंडल अध्यक्ष कमलेश सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।जिला कीड़ा अधिकारी मंजू शर्मा, जिला स्काउट सचिव रमेश वर्मा, प्रधानाचार्य गजेन्द्र सिंह चौहान, अध्यक्ष राजेश तिवारी, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन लखनऊ मंडल अध्यक्ष अखिलेश सिंह, बीजी मिश्रा, शैलेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।समापन में देशभक्ति की गूंज। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति से सराबोर गीतों के बीच हुआ, जिसने पूरे माहौल को देशप्रेम के रंग में रंग दिया। बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय के अनुशासित आयोजन की हर किसी ने खुलकर प्रशंसा की।
जीनियस पब्लिक स्कूल की यह सांस्कृतिक संध्या सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं— बल्कि बच्चों की प्रतिभा, संस्कृति और अनुशासन का ऐसा संगम रही जिसने इसे जिले का सबसे चर्चित आयोजन बना दिया।
मनोरंजन भी… संदेश भी… और भावनाओं से भरी दमदार प्रस्तुतियां— जिसके कारण यह आयोजन हर दर्शक के लिए यादगार बन गया।



