best news portal development company in india

फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के सात सूत्रीय ज्ञापन में व्यापारियों ने उठाईं जनसमस्याएं

SHARE:

फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल की फर्रुखाबाद जिला इकाई ने जिलाधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन में व्यापारियों ने सड़क, नाली, विद्युत तार, अतिक्रमण, यातायात तथा ई-रिक्शा संचालन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा, वाणिज्य जिला महामंत्री अनूप गुप्ता तथा जिला प्रवक्ता लखन सिंह के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में बताया गया कि लाल दरवाजा से पांचाल घाट जाने वाले मार्ग पर डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन स्कूल के पास सड़क काफी क्षतिग्रस्त एवं नीची है। बरसात के दिनों में यहां पानी भर जाने से विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों तथा आसपास के निवासियों को परेशानी होती है। व्यापार मंडल ने सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की।

ज्ञापन में ग्राम नेकपुर खुर्द से गुरुगांव देवी मंदिर तक सड़क के दोनों ओर लगे विद्युत तारों का भी मुद्दा उठाया गया। व्यापार मंडल के अनुसार लगभग 1100 की सीमेंट की पोलों पर विद्युत लाइन लगी है, लेकिन गुरुगांव देवी मंदिर से नेकपुर खुर्द तक विद्युत केबल नहीं डाली गई है। कई स्थानों पर लगभग 200 मीटर लंबी विद्युत केबल जमीन पर पड़ी हुई है, जो आए दिन बंदरों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दी जाती है। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ जनहानि की आशंका भी बनी रहती है।

व्यापार मंडल ने सड़क के दोनों ओर उचित स्थान पर विद्युत केबल डलवाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि इस संबंध में वर्ष 2021 से बैठकों में मांग रखी जा रही है तथा 30 अप्रैल 2026 की बैठक में भी इस समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

व्यापार मंडल ने ग्राम नेकपुर खुर्द में हरदेव शाक्य के मकान से अमर रेस्टोरेंट होते हुए कालीदेवी मंदिर तिराहे तक सड़क के उत्तरी फुटपाथ के किनारे नाली निर्माण की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि नाली न होने के कारण घरों एवं बस्तियों का पानी सड़क अथवा खाली प्लॉटों में भरता रहता है। इससे लोगों को परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए वर्ष 2021 से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक नाली का निर्माण नहीं कराया गया।

इसके अलावा अमर रेस्टोरेंट के पश्चिमी ओर मुख्य सड़क के किनारे शरद यादव के मकान के पीछे बनी नाली को भी खराब स्थिति में बताया गया। ज्ञापन में कहा गया कि नाली कच्ची होने के कारण बरसाती पानी का उचित निकास नहीं हो पाता, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। व्यापार मंडल ने संबंधित विभाग से शीघ्र नाली निर्माण कराने की मांग की।

ज्ञापन में गुरुगांव देवी मंदिर के निकट मुख्य सड़क के किनारे खड़े पुराने सूखे पेड़ को हटाने की मांग भी की गई। व्यापार मंडल के अनुसार पेड़ की छाल तक सूख चुकी है और उसके नीचे से सड़क के दोनों ओर विद्युत लाइनें गुजर रही हैं। बंदरों के उछल-कूद करने से विद्युत लाइन टूटकर गिरने की आशंका बनी रहती है। इससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है। व्यापार मंडल ने जनहित में सूखे पेड़ को संबंधित विभाग से कटवाए जाने की मांग की।

व्यापार मंडल ने शहर के फुटपाथों पर पटरी दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण का भी मुद्दा उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि कई स्थानों पर पूरा फुटपाथ घिर जाने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। व्यापार मंडल ने पटरी दुकानदारों को निर्धारित स्थान उपलब्ध कराकर फुटपाथ खाली कराने की मांग की, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।

ज्ञापन के सातवें बिंदु में शहर में बड़ी संख्या में संचालित हो रहे ई-रिक्शों की समस्या उठाई गई। व्यापार मंडल के अनुसार नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद द्वारा निर्धारित रूट-चार्ट के अनुसार ई-रिक्शा संचालित न होने के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। व्यापार मंडल ने मांग की कि ई-रिक्शों का संचालन निर्धारित रूट-चार्ट के अनुसार कराया जाए अथवा यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अन्य ठोस कदम उठाए जाएं।

व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं को व्यापार बंधु समिति की बैठकों के एजेंडे में शामिल किया जाए और प्रत्येक बैठक में इन समस्याओं की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। संगठन ने कहा कि इन समस्याओं से संबंधित ज्ञापन एवं पत्र वर्ष 2021 से दिए जा रहे हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा, वाणिज्य जिला महामंत्री अनूप गुप्ता और जिला प्रवक्ता लखन सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और पढ़ें