
फर्रूखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट –
बैरिस्टर बाबू बृजनंदन लाल स्मृति फाउंडेशन द्वारा सहकारिता के जनक एवं महापुरुष बाबू बृजनंदन लाल जी की 134वीं जयंती का भव्य आयोजन 25 अक्टूबर को किया जाएगा। इस संबंध में बढ़पुर स्थित उत्सव भवन गेस्ट हाउस में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया|
प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बाबू जी के जिले और समाज के प्रति दिए गए ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।
फर्रूखाबाद के बढ़पुर में जन्मे बाबू बृजनंदन लाल जी ने अंग्रेजी हुकूमत से संघर्ष कर सहकारिता बैंक की स्थापना की और कृषकों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया। उन्होंने किसानों तथा जनता पर लगने वाले लगान व मालगुजारी को कम कराया।
विधान परिषद सदस्य के रूप में 6 वर्षों तक कार्य करते हुए उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर जिले, ब्लॉक व ग्राम स्तर पर शासकीय महिला विद्यालय खुलवाने के प्रस्ताव पारित करवाए। क्रिश्चियन इंटर कॉलेज हेतु अपनी निजी भूमि दान दी। मिशन अस्पताल बनवाने के लिए भूमि दान की तथा बढ़पुर में शीतला माता मंदिर का भव्य निर्माण कराकर उसका ट्रस्ट बनाया। बढ़पुर ब्लॉक आदि सरकारी भवनों हेतु अपनी निजी भूमि आवंटित की। वे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के अभिन्न मित्र थे और दोनों ने इंग्लैंड में साथ-साथ ‘बार एट लॉ’ की पढ़ाई की थी।
इस प्रेस वार्ता में संगठन के अध्यक्ष आदित्य कटियार, उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, कोषाध्यक्ष विभव जी लाल, संगठन मंत्री अंकुर कटियार, रजत कुमार, राजेश सैनी, मीडिया प्रभारी सचिन कटियार तथा विधिक सलाहकार हरवीर यादव एवं धर्मेंद्र कनौजिया ने उपस्थित रहकर जयंती समारोह के भव्य आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।



