
फर्रुखाबाद , आरोही टुडे न्यूज, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी डॉ. अरशद मंसूरी ने लोगों से तंबाकू और उससे बने सभी उत्पादों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
इस अवसर पर डॉ. मंसूरी ने कहा कि युवा पीढ़ी को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित अनेक गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
समाजसेवी डॉ. अरशद मंसूरी ने समाज के सभी वर्गों से अपील करते हुए कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से नशे की किसी भी प्रवृत्ति से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति तंबाकू त्यागने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प ले, तो एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
अंत में डॉ. अरशद मंसूरी ने सभी नागरिकों को संदेश देते हुए कहा, “जागरूक बनें, स्वस्थ रहें और सुरक्षित रहें। तंबाकू मुक्त समाज ही स्वस्थ राष्ट्र की आधारशिला है।”



