
फर्रुखाबाद, आरोही टुडे न्यूज, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने असमय बारिश से किसानों की फसलों और मकानों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में किसान संगठन ने कहा कि असमय बारिश के कारण किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। संगठन ने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने तथा क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे कराकर शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
किसान नेताओं ने मांग की कि बारिश के कारण जिन किसानों के मकान क्षतिग्रस्त अथवा धराशायी हुए हैं, उनका सर्वे कराया जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही जरूरतमंद परिवारों को पात्रता के अनुसार सरकारी आवास उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जिन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि हुई है, वहां मृतकों के परिवारों को शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करते हुए राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। जिलाध्यक्ष राममोहन दीक्षित, संजय गंगवार, हुकुम सिंह, नवीन कुमार, धन सिंह यादव, सुशील दीक्षित, अनिल कुमार, बृजेश राजपूत, ऋषिपाल, अनुज दीक्षित सहित किसान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के मौजूद रहे।



