
फर्रुखाबाद, आरोही टुडे न्यूज , आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – ‘गांव, शहर, हर गली, जनता डॉ. अरविंद के साथ बढ़ चली’ — इसी विश्वास के साथ फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्र में विप्लव पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है। संगठन के विस्तार अभियान के तहत जिजुइआ गाँव में 10वें ‘जनता संवाद केंद्र’ (कार्यालय) का भव्य उद्घाटन किया गया।
विप्लव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अरविंद गुप्ता ने फीता काटकर नए कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सुमित राजपूत को जिजुइआ कार्यालय का प्रभारी नियुक्त किया गया। डॉ. अरविंद गुप्ता ने नवनियुक्त प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे क्षेत्र के हर नागरिक तक पहुंचे, जनता से सीधा संवाद स्थापित करें और उनकी स्थानीय समस्याओं को समझकर उनके निस्तारण के लिए निरंतर कार्य करें।
जनसेवा की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए डॉ. अरविंद गुप्ता की ओर से प्रत्येक जनता संवाद केंद्र पर बड़ी संख्या में मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन किटों में लगभग कई प्रकार की जीवनरक्षक और आकस्मिक दवाएं शामिल हैं, जो किसी भी आपातकालीन स्थिति में ग्रामीणों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य लाभ प्रदान करेंगी।



