
फर्रुखाबाद, आरोही टुडे न्यूज, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – अमृतपुर में महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर अमृतपुर स्थित सरकारी गौशाला में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ नंदी पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी ने विधि-विधान से नंदी महाराज का तिलक कर माला पहनाई तथा गुड़-चना खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
गौशाला परिसर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों की भी सहभागिता रही। पूजन के दौरान भगवान शिव के वाहन नंदी की आराधना की गई और ग्राम व क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। वातावरण भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा।
गौरतलब है कि अमृतपुर की यह गौशाला सरकार द्वारा संचालित की जा रही है, जहां बड़ी संख्या में निराश्रित नंदी और गौवंश संरक्षित हैं। गौशाला की देखरेख की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी के नेतृत्व में की जा रही है। यहां गौवंशों के लिए हरा चारा, भूसा और दाना आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रधान सचिन देव तिवारी ने बताया कि गौसेवा सबसे बड़ा धर्म है और गौवंशों की सेवा एवं संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौशाला में नियमित रूप से पशुओं के भोजन, पानी और देखभाल की व्यवस्था की जाती है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।



