best news portal development company in india

किसानों की मेहनत बेकार ! आलू के गिरते दाम पर भाजपा नेता की सरकार से MSP की मांग 

SHARE:

फर्रुखाबाद , आरोही टुडे न्यूज, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – उत्तर प्रदेश में आलू की कीमतों में आई तेज गिरावट को लेकर भाजपा नेता विकास राजपूत ने राज्य सरकार का ध्यान किसानों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर आलू पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू करने के साथ-साथ किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग उठाई है।

अपने पत्र में राजपूत ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में आलू का भाव गिरकर करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल रह गया है, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने मंडियों में किसानों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार और अव्यवस्थाओं पर भी चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में जब वहां आलू की कीमतें गिरी थीं, तब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 900 रुपये प्रति क्विंटल की दर से MSP तय कर किसानों को राहत दी थी। राजपूत का कहना है कि उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह का कदम उठाना समय की जरूरत है।

इसके साथ ही उन्होंने एक और सुझाव देते हुए कहा कि राज्य की सभी मंडी समितियों से आंकड़े जुटाकर जिन किसानों को 500 रुपये प्रति क्विंटल से कम कीमत मिली है, उन्हें कृषि फसल बीमा योजना के तहत प्रति हेक्टेयर के हिसाब से एकमुश्त मुआवजा दिया जाए। उनका मानना है कि इससे किसानों को तत्काल आर्थिक राहत मिल सकेगी।

भाजपा नेता ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि जल्द प्रभावी निर्णय नहीं लिया गया, तो किसानों की आर्थिक स्थिति और बिगड़ सकती है। उन्होंने कहा कि लागत न निकल पाने और फसल खराब होने के कारण किसान मानसिक दबाव में हैं और कई गंभीर कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।

अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री से शीघ्र निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि MSP लागू कर और राहत योजना शुरू कर सरकार किसानों के हितों की रक्षा कर सकती है तथा उनके भविष्य को सुरक्षित बना सकती है।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और पढ़ें