
फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट। रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद पर मिशन शक्ति अभियान के तहत गश्त कर रही जीआरपी पुलिस टीम को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर 16 वर्षीय नाबालिग बालिका गुमसुम अवस्था में बैठी मिली। पूछताछ में पता चला कि वह घर से नाराज होकर बिना बताए निकली थी और दिल्ली जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थी।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पर गश्त और संदिग्धों की जांच कर रही थी। इसी दौरान महिला हेड कांस्टेबल स्वाती पाल की नजर बालिका पर पड़ी। उन्होंने उससे पूछताछ की और सुरक्षा की दृष्टि से महिला हेल्प डेस्क पर बैठाकर उसकी देखभाल की व्यवस्था की।
बालिका ने बताया कि वह 18 अक्टूबर 2026 को घर से नाराज होकर निकल आई थी। जानकारी करने पर पता चला कि उसके लापता होने की सूचना परिजनों ने थाना कमालगंज में पहले ही दे रखी थी। इसके बाद जीआरपी पुलिस ने कमालगंज पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल कृष्ण पाल सिंह और महिला कांस्टेबल नीलम सिंह थाना जीआरपी फर्रुखाबाद पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद जीआरपी पुलिस ने बालिका को कमालगंज पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा, हेड कांस्टेबल लेखराज सिंह, कांस्टेबल अनुराग यादव और महिला हेड कांस्टेबल स्वाती पाल मौजूद रहे।



