
फर्रुखाबाद, , आरोही टुडे न्यूज, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चाँदपुर में सोमवार को विकास कार्यों को लेकर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने दो नवनिर्मित सड़कों का विधिवत लोकार्पण किया। सड़कों के लोकार्पण के साथ ही क्षेत्रीय जनता में खुशी की लहर दौड़ गई और कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
लोकार्पित सड़कों में चाँदपुर से फर्रुखाबाद मार्ग तक 1600 मीटर लंबा डामर मार्ग शामिल है, जिसका निर्माण मंडी परिषद द्वारा कराया गया है। इस सड़क की अनुमानित लागत 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा सुधीर की दुकान से महिपाल शाक्य के घर तक 200 मीटर लंबा सीसी मार्ग भी बनाया गया है, जिसका निर्माण विधायक निधि से 17.46 लाख रुपये की लागत से कराया गया।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि क्षेत्र का समुचित विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने घोषणा की कि चाँदपुर से बाँसमई तक सड़क निर्माण कार्य अगले छह माह में पूर्ण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को जारी रखने के लिए सरकार का बने रहना आवश्यक है और भारतीय संस्कृति व मूल्यों की रक्षा भी इसी से संभव है। उन्होंने जनता द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर सभासद शिव मंगल सिंह ने विधायक से चाँदपुर से बाँसमई तक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने का आग्रह किया, जिस पर विधायक ने सकारात्मक आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में चेयरमैन अनिल कुमार राजपूत, मंडल अध्यक्ष कमल भारद्वाज, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित, उखरा पूर्व प्रधान अरविंद दीक्षित, शिव मंगल सिंह, शिव प्रताप, प्रधान अभय राज, संजीव गुप्ता, हेमसिंह लोधी, अरविंद राजपूत, पवन कठेरिया, विवेक श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामवासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






