
नवाबगंज, फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा के नेतृत्व में सोमवार को सैकड़ों किसानों ने शमसाबाद रेलवे स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन कर ट्रेन संख्या 15040 एवं 15041 एक्सप्रेस के शमसाबाद स्टेशन पर ठहराव की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए श्री मिश्रा ने कहा कि शमसाबाद रेलवे स्टेशन क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए प्रमुख यातायात का साधन है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, छात्र-छात्राएँ, नौकरीपेशा लोग एवं मरीज फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ, कायमगंज, कासगंज, पटियाली और मथुरा सहित विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। इसके बावजूद ट्रेन संख्या 15040 एवं 15041 का स्टेशन पर ठहराव न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने कहा कि इन दोनों ट्रेनों का शमसाबाद रेलवे स्टेशन पर ठहराव होने से क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

धरना-प्रदर्शन के उपरांत किसानों ने रेलवे प्रशासन एवं केंद्र सरकार से जनहित में दोनों एक्सप्रेस ट्रेनों का शमसाबाद रेलवे स्टेशन पर शीघ्र ठहराव सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। वही अपनी माँगो के लेकर किसान यूनियन स्वराज के कार्यकर्ताओं ने अपना ज्ञापन रेलवे ट्रैफिक इंचार्ज राजा गुप्ता को सौंपा। इस मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज राजीव कुमार, हलका इंचार्ज दरोगा जगराम सिंह, हल्का हेड कांस्टेबल नंदलाल, कांस्टेबल किरण कुमार ,आदर्श अवस्थी, योगेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल निशा सहित नवाबगंज थाने का भारी पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं जीआरपी चौकी इंचार्ज कायमगंज दरोगा सत्येंद्र कुमार, जीआरपी इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा ,आरपीएफ के दरोगा अर्जुन कुमार सहित आरपीएफ का भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा ।



