best news portal development company in india

सी. पी. विद्या निकेतन में ‘उत्कर्ष’ का भव्य आयोजन,नन्हे-मुन्नों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोहा

SHARE:

कायमगंज, फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – 
सी. पी. विद्या निकेतन में शुक्रवार को ‘उत्कर्ष’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उनकी शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों को सम्मानित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के स्वागत तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके उपरांत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। एल.के.जी. के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मधुर प्रातःकालीन प्रार्थना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आर. के. बाजपेयी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। नर्सरी के छात्र एस. डी. आरविन जेना ने कैसियो वादन के माध्यम से अपनी संगीत प्रतिभा का परिचय दिया, वहीं यू.के.जी. के छात्र प्रत्यक्ष ने ‘श्रीराम स्तुति’ प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। इसके उपरांत यू.के.जी. के विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विद्यालय के उपप्रधानाचार्य दीपक कुमार जेना ने नर्सरी विंग की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उनकी सहभागिता और प्रदर्शन का उल्लेख किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कक्षा दो एवं तीन के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘रामायण’ का नाट्य मंचन रहा। विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय एवं संवादों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आदर्शों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह की मुख्य अतिथि एवं विद्यालय समूह की निदेशिका डॉ. मिथलेश अग्रवाल ने नन्हे कलाकारों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रोत्साहन अत्यंत आवश्यक है। आज के यही बच्चे भविष्य में नेता, अभिनेता, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर, इंजीनियर और शिक्षक बनकर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। अतः बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे विकसित करने के लिए उचित अवसर एवं मार्गदर्शन मिलना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि नितिन अग्रवाल एवं श्री मसूद अली खान ने संयुक्त संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने, अनुशासन अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती ऋचा सक्सेना, श्रीमती अंजलि सिंह, श्रीमती रेनू अरोरा, श्रीमती प्रभा चतुर्वेदी एवं श्रीमती सीमा अरोरा सहित सभी प्रभारी एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

अंत में कक्षा दो की प्रभारी श्रीमती प्रीति अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और पढ़ें