फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद पर अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी फर्रुखाबाद पुलिस को सफलता मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जीआरपी फर्रुखाबाद जंक्शन के प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अंकित पुत्र रामविलास, निवासी महमदपुर रावी, थाना कमालगंज, जिला फर्रुखाबाद है। उसकी उम्र लगभग 22 वर्ष बताई गई है। अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय में चल रहे मुकदमे में गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त अपना पता बदलकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। जीआरपी पुलिस टीम ने 10 अक्टूबर 2026 को रात करीब 8:50 बजे अभियुक्त को उसके गांव महमदपुर रावी स्थित मकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को संबंधित न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा संख्या 35/2022, धारा 414 भादवि के अंतर्गत थाना जीआरपी फर्रुखाबाद में मामला दर्ज है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, आरक्षी अनवर यादव, आरक्षी प्रिंस युवराज तथा आरक्षी सनी कुमार शामिल रहे।




