
सभी व्यापारी अधिक से अधिक भारत में निर्मित वस्तुएं बेचें और जनता को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित करें – वरिष्ठ समाजसेवी व व्यापारी नेता विमलेश मिश्रा
“जब देश की 140 करोड़ जनता विदेशी उत्पादों को त्यागकर भारतीय वस्तुओं को अपनाएगी, तभी भारत की अर्थव्यवस्था आत्मनिर्भर बनेगी और भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा।”व्यापारी नेता विमलेश मिश्रा
आरोही टुडे न्यूज आलोक शुक्ला की रिपोर्ट – व्यापारी नेता विमलेश मिश्रा ने स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए देशभर के व्यापारियों से अपील की है कि सभी व्यापारी अधिक से अधिक भारत में निर्मित वस्तुएं बेचें और जनता को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि “स्वदेश भारत की आत्मा है” और यह आत्मा तभी जागृत होगी जब हर नागरिक देशी वस्तुओं को प्राथमिकता देगा।
वरिष्ठ समाजसेवी व हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मिश्रा ने यह विचार आगामी स्वदेश जन जागरण अभियान के संदर्भ में व्यक्त किए, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 1 सितंबर से पूरे प्रदेश में शुरू किया जाएगा। इस अभियान पर दिल्ली में एक भव्य सम्मेलन का आयोजन हो रहा है, जिसमें केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई प्रमुख नेता देश भर से आमंत्रित व्यापारियों को संबोधित करेंगे।
इस अभियान का उद्देश्य व्यापारियों और आमजन को देश में निर्मित वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। श्री मिश्रा ने कहा, “आजादी से पहले स्वतंत्रता सेनानियों ने जो स्वदेशी आंदोलन शुरू किया था, आज प्रधानमंत्री मोदी उसे एक नए स्वरूप में आगे बढ़ा रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “जब देश की 140 करोड़ जनता विदेशी उत्पादों को त्यागकर भारतीय वस्त्र, जूते, घड़ियां, मोबाइल, लैपटॉप जैसी वस्तुओं को अपनाएगी, तभी भारत की अर्थव्यवस्था आत्मनिर्भर बनेगी और भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा।”

वरिष्ठ समाजसेवी व व्यापारी नेता विमलेश मिश्रा ने सरकार की व्यापारी हितैषी नीतियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जीएसटी के सरलीकरण, 18% और 5% स्लैब जैसे प्रस्तावों से व्यापारी वर्ग में उत्साह है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय व्यापारी वर्ग असुरक्षा के माहौल में व्यापार करता था, लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा, “आज माफिया और अपराधी या तो जेल में हैं या पलायन कर चुके हैं। भाजपा सरकार ने भयमुक्त शासन दिया है जो ‘रामराज्य’ की अवधारणा के निकट है।”
व्यापारी नेता ने यह भी बताया कि भाजपा सरकार ने व्यापारियों के सर्वांगीण विकास के लिए व्यापारी कल्याण बोर्ड की स्थापना, नई एक्सप्रेसवे परियोजनाएं, रेल और हवाई सेवाओं के विस्तार, तथा उन्नत आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कर व्यापार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।



