best news portal development company in india

जीआरपी की संवेदनशीलता से राहत, आठ माह की बच्ची संग अकेली महिला को सुरक्षित घर पहुंचाया

SHARE:

फर्रुखाबाद, आलोक शुक्ला की रिपोर्ट। मिशन शक्ति अभियान के तहत रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद पर जीआरपी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आठ माह की बच्ची के साथ परेशान बैठी एक महिला की मदद की। कानपुर से दवा लेकर लौटी महिला को देर रात अपने गांव जाने के लिए कोई साधन नहीं मिल रहा था। ऐसे में जीआरपी पुलिस ने न केवल उसे भोजन उपलब्ध कराया, बल्कि मेरापुर थाना पुलिस के सहयोग से मां-बेटी को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, थाना जीआरपी फर्रुखाबाद के प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पर गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या एक के फतेहगढ़ छोर पर एक महिला अपनी आठ माह की बच्ची के साथ चिंतित अवस्था में बैठी दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने महिला से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह थाना मेरापुर क्षेत्र के एक गांव की निवासी है और कानपुर से दवा लेकर लौट रही है।

महिला ने बताया कि उसके पति हरियाणा में नौकरी करते हैं, जबकि सास-ससुर का निधन हो चुका है। घर पर वह अकेली रहती है। देर रात होने के कारण उसे गांव तक जाने के लिए कोई साधन नहीं मिल पा रहा था। उसने बताया कि कायमगंज रेलवे स्टेशन से उसका गांव लगभग 20 किलोमीटर दूर है। ऐसे में आठ माह की बच्ची के साथ घर पहुंचने की चिंता उसे सता रही थी।

पुलिस ने भोजन कराकर बढ़ाया मदद का हाथ

महिला और उसकी बच्ची की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीआरपी पुलिस टीम ने तत्काल सहायता की। महिला पुलिसकर्मी की मदद से उसे थाने की महिला सहायता डेस्क पर बैठाया गया और भोजनालय से भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा ने थाना मेरापुर पुलिस से संपर्क कर महिला की स्थिति से अवगत कराया।

सूचना मिलने पर थाना मेरापुर की पुलिस टीम पहुंची। इसके बाद जीआरपी फर्रुखाबाद की पुलिस टीम, महिला पुलिसकर्मी गौरी और मेरापुर पुलिस के संयुक्त सहयोग से महिला तथा उसकी आठ माह की बच्ची को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया।

सहयोग करने वाली पुलिस टीम

  1. प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा, थाना जीआरपी फर्रुखाबाद।
  2. उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी कायमगंज, थाना जीआरपी फर्रुखाबाद।
  3. महिला मुख्य आरक्षी स्वाती पाल, थाना जीआरपी फर्रुखाबाद।
  4. मुख्य आरक्षी लेखराज सिंह, थाना जीआरपी फर्रुखाबाद।
  5. आरक्षी निरंकार सिंह, थाना मेरापुर, फर्रुखाबाद।
  6. महिला आरक्षी गौरी, थाना मेरापुर, फर्रुखाबाद।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और पढ़ें